चंडीगढ़ में आज अहम रणनीतिक बैठक
चंडीगढ़, 4 फरवरी 2026: वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की रिहाई के बाद शिरोमणि अकाली दल (शिअद) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। पार्टी ने बुधवार सुबह 11 बजे चंडीगढ़ में एक उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक बुलाने का फैसला किया है।
यह बैठक शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में होगी, जिसमें पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आने वाले दिनों के लिए पार्टी की रणनीति व रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि बैठक में संगठन को मजबूत करने और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा होगी। मंगलवार देर रात सुखबीर सिंह बादल ने बिक्रम सिंह मजीठिया से उनके आवास पर मुलाकात की थी, जिसके बाद इस अहम बैठक को बुलाने का निर्णय लिया गया।
इस आधिकारिक बैठक के जरिए शिरोमणि अकाली दल राज्य सरकार के खिलाफ अपने हमलों को तेज करने और पार्टी कैडर में नई ऊर्जा भरने की तैयारी में है, जिससे आने वाले दिनों में आक्रामक राजनीतिक गतिविधियों के संकेत मिल रहे हैं।






