पश्चिम बंगाल, 4 फरवरी 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं, जहां राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन—SIR) को लेकर चुनाव आयोग की प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर महत्वपूर्ण सुनवाई हो रही है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मामले में व्यक्तिगत रूप से पेश होने की अनुमति मांगते हुए एक अंतरिम आवेदन भी दायर किया है। वह अपने वकीलों के साथ सुप्रीम कोर्ट के कोर्ट रूम नंबर 1 में मौजूद रहीं। मंगलवार को उनके नाम से एंट्री पास भी जारी किया गया था।
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, न्यायमूर्ति जॉयमल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ द्वारा की जा रही है। ममता बनर्जी के अलावा यह याचिकाएं मोस्तारी बानो, तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और डोला सेन द्वारा भी दायर की गई हैं।
यह मामला पश्चिम बंगाल की राजनीति में अहम माना जा रहा है और सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।






