कोलकाता, 4 फरवरी 2026: बुधवार को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तुर्की एयरलाइंस के एक विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। यह उड़ान काठमांडू से इस्तांबुल जा रही थी। उड़ान के दौरान विमान के इंजन से धुआं निकलने की आशंका के बाद पायलट ने कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया, जिसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से कोलकाता में उतारा गया।
हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, विमान में कुल 236 यात्री सवार थे और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। दोपहर करीब 2:49 बजे विमान की पूर्ण आपात लैंडिंग कराई गई।
कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि पायलट ने दाहिने इंजन में आग लगने की संभावित सूचना दी थी। एहतियातन सभी आपात प्रोटोकॉल लागू किए गए और दमकल व सुरक्षा टीमें रनवे पर तैनात रहीं।
वर्तमान में विमान को हवाई अड्डे पर खड़ा कर तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा।






