HomeNationalकेंद्रीय बजट 2026: युवा शक्ति पर केंद्रित बजट

केंद्रीय बजट 2026: युवा शक्ति पर केंद्रित बजट

शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर हाई-स्पीड रेल तक बड़े ऐलान

नई दिल्ली, 01 फरवरी 2026 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश किया। बजट भाषण में उन्होंने कहा कि आगामी वित्त वर्ष का बजट “युवा शक्ति” से प्रेरित है और यह तीन प्रमुख दायित्वों पर आधारित है।

वित्त मंत्री ने घोषणा की कि उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए हर जिले में छात्राओं के हॉस्टल बनाए जाएंगे। इसके साथ ही तीन नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) स्थापित किए जाएंगे। सरकार ने पांच क्षेत्रीय मेडिकल हब बनाने का भी ऐलान किया है, जिनका उद्देश्य मेडिकल शिक्षा, शोध और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। इन हब्स से स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

पूर्वोत्तर राज्यों के लिए एक बौद्ध सर्किट की स्थापना की जाएगी, जो अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, असम, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा को कवर करेगा। जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा, आपातकालीन वार्डों का विस्तार होगा और मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत किया जाएगा।

वित्त मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 में सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ करने का प्रस्ताव है। टियर-2 और टियर-3 शहरों, विशेषकर 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में बुनियादी ढांचे का विकास जारी रहेगा। खगोल विज्ञान को प्रोत्साहन दिया जाएगा, 20 हजार युवाओं को पर्यटन गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा और कंटेंट क्रिएटर लैब्स स्थापित होंगी।

रेल और परिवहन क्षेत्र में बड़े ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की, जिनमें दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर शामिल हैं। वाराणसी और पटना में विमान मरम्मत सुविधाएं भी स्थापित की जाएंगी।

वित्तीय स्थिरता को मजबूत करने के लिए बैंकिंग पर एक समिति गठित की जाएगी, जो ग्राहक संरक्षण को नए स्तर पर ले जाने पर काम करेगी। ओडिशा, केरल और छत्तीसगढ़ में माइनिंग कॉरिडोर बनाए जाएंगे। रेशम, जूट और ऊन के लिए राष्ट्रीय फाइबर योजना शुरू होगी और देश में 22 नए जलमार्ग विकसित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र को राहत देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कैंसर और मधुमेह की दवाइयां सस्ती होंगी। इसके अलावा ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में रेयर अर्थ कॉरिडोर तथा तीन समर्पित केमिकल पार्क स्थापित किए जाएंगे।

कुल मिलाकर, केंद्रीय बजट 2026 को युवाओं, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिरता पर केंद्रित एक दूरदर्शी बजट के रूप में पेश किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments