मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्यातिथि, देश-प्रदेश के दिग्गज कलाकार देंगे संगीतमय श्रद्धांजलि
फतेहाबाद, 01 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : भारतीय शास्त्रीय संगीत की अमूल्य धरोहर, मेवाती घराने के महान साधक एवं पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित जसराज की जयंती के अवसर पर 2 फरवरी को फतेहाबाद जिला के ऐतिहासिक गांव पीलीमंदोरी में प्रातः 11 बजे एक भव्य राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस गरिमामय अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
यह फतेहाबाद जिला और समूचे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है कि भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने वाले पंडित जसराज का जन्म इसी पावन भूमि, गांव पीलीमंदोरी में हुआ। पंडित जसराज ने अपनी विलक्षण गायकी, साधना और समर्पण के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय संगीत को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं और संगीत को भक्ति व आत्मिक अनुभूति से जोड़ा।
हरियाणा सरकार द्वारा संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत आयोजित इस राज्यस्तरीय समारोह में देश एवं प्रदेश के सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक, भजन गायक एवं लोक कलाकार अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से पंडित जसराज को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में मुंबई से पंडित जसराज के परिजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त सुप्रसिद्ध गायक श्री सोनू निगम, प्रख्यात भजन गायक श्री अनूप जलोटा सहित अनेक नामचीन कलाकारों के भाग लेंगे।
राज्य स्तरीय समारोह के लिए गांव पीलीमंदोरी में कार्यक्रम स्थल को अत्यंत भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया गया है। दर्शकों की सुव्यवस्थित व्यवस्था हेतु पूरे परिसर को छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए विशेष रूप से भव्य एवं सुसज्जित मंच की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए विशाल एलइडी स्क्रीन भी स्थापित की गई हैं, ताकि उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति कार्यक्रम का आनंद सहज रूप से ले सके।
जिला प्रशासन द्वारा समारोह को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, संगीत प्रेमियों, युवाओं एवं आमजन से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महान संगीत साधक पंडित जसराज को श्रद्धासुमन अर्पित करें और इस राज्य स्तरीय समारोह की गरिमा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।–
Thanks and Regards
Deputy Director, Information, Public
Relations & Language Department, Fatehabad
Ph. 01667-230072






