गांव पीलीमंदोरी में 2 फरवरी को पंडित जसराज की जयंती पर होगा राज्य स्तरीय समारोह
फतेहाबाद 31 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के 2 फरवरी को प्रस्तावित फतेहाबाद दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती व मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री वीरेंद्र बडख़ालसा ने गांव पीलीमंदोरी पहुंचकर पंडित जसराज जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कार्यक्रम स्थल, मंच व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, बिजली तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री वीरेंद्र बडख़ालसा ने कहा कि यह राज्य स्तरीय समारोह प्रदेश सरकार की संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, इसलिए कार्यक्रम की गरिमा एवं भव्यता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। राज्य स्तरीय समारोह के आयोजन के लिए गांव पीलीमंदोरी के ग्राउंड को भव्य रूप से तैयार किया गया है।
कार्यक्रम स्थल को छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि आगंतुकों, अतिथियों एवं आमजन की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। समारोह में पंडित जसराज के जीवन, योगदान और भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान को दर्शाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में बॉलीवुड के कलाकारों की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने लघु सचिवालय के सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा भी की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम आकाश शर्मा, जिला प्रधान प्रवीण जोड़ा, ओपी मालिया, एसडीएम राजेश कुमार, सुरेन्द्र सिंह, आरटीए संजय बिश्नोई, जिप सीईओ सुरेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीआरओ श्याम लाल, उपनिदेशक अमित पंवार, डीआईओ सिकंदर, डिप्टी सीएमओ मेजर डॉ. शरद टूली सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, बिजली, जनस्वास्थ्य, नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो 01 से 04: भट्टू। गांव पीलीमंदोरी में राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों का जायजा लेते हुए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती व मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा।






