आप प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा, डॉ. बलबीर सिंह, लालजीत भुल्लर और बलतेज पन्नू सहित कई हस्तियों ने दी बधाई
केंद्रीय बजट से पंजाब को बड़ी उम्मीदें, केंद्र आरडीएफ का 8500 करोड़ रुपये का बकाया तुरंत जारी करे: वित्त मंत्री चीमा
जनता की सेवा के लिए पंजाब में 1300 और नई बसें चलाई जाएंगी: लालजीत सिंह भुल्लर
हरपाल जुनेजा ने राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब सरकार का जताया आभार, कहा—पीआरटीसी को तरक्की की राह पर ले जाऊंगा
100 मिडी बसें, 309 बड़ी और किलोमीटर स्कीम के तहत 254 नई बसें पीआरटीसी बेड़े में होंगी शामिल: जुनेजा
पटियाला, 31 जनवरी, 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब सरकार द्वारा पीआरटीसी के नवनियुक्त चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने आज यहां पीआरटीसी के मुख्य कार्यालय में पाठ, कीर्तन, अरदास और परमात्मा का शुक्राना अदा करने के बाद औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया।
इस अवसर पर विशेष रूप से पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और प्रदेश महासचिव व प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने हरपाल जुनेजा को बधाई दी। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए हरपाल जुनेजा को पार्टी का जुझारू नेता बताया और कहा कि पीआरटीसी संस्था अब और ऊंचाइयों को छुएगी। अमन अरोड़ा और बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान हर नेता और कार्यकर्ता के काम की कद्र करते हैं और जनता की सेवा करने वालों को जिम्मेदारियां देकर सम्मानित किया जाता है।
समारोह में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, मुख्यमंत्री की बहन बीबी मनप्रीत कौर, पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरस्ट, विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा, गुरदेव देव मान, हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों, हलका इंचार्ज रणजोध सिंह हडाणा सहित बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने हरपाल जुनेजा को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक मेहनती नेता को नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री जुनेजा मेहनत, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ बिना भेदभाव जनता और पार्टी की सेवा करेंगे। उन्होंने जुनेजा के पिता स्व. भगवान दास जुनेजा की समाजसेवा का भी विशेष उल्लेख किया।
एक सवाल के जवाब में वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि केंद्रीय बजट से पंजाब को बड़ी उम्मीदें हैं, क्योंकि पिछले चार वर्षों से केंद्र सरकार पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री पंजाब के साथ न्याय करते हुए 8500 करोड़ रुपये का रुका हुआ फंड जारी करेंगे, बाढ़ मुआवजे के 1600 करोड़ रुपये देंगे और बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए भेजे गए 20,000 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी मंजूरी देंगे।
परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब में जनता की सेवा के लिए 1300 और नई बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी के कर्मचारी उनके परिवार का हिस्सा हैं और सरकार कर्मचारियों की जायज मांगें मानकर राहत दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि हरपाल जुनेजा पीआरटीसी को प्रगति की राह पर ले जाएंगे।
नवनियुक्त चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और बलतेज पन्नू का आभार जताते हुए कहा कि उन पर जताए गए भरोसे पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी को विकास की ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही 254 किलोमीटर स्कीम की बसें, 100 मिडी बसें और 309 बड़ी नई बसें पीआरटीसी के बेड़े में शामिल की जाएंगी।
पीआरटीसी के एमडी बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने नए चेयरमैन का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार संस्था को आगे बढ़ाने के लिए पूरी मेहनत की जाएगी।
फोटो कैप्शन:
पीआरटीसी के नवनियुक्त चेयरमैन हरपाल जुनेजा के पदभार संभालने के अवसर पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और मुख्यमंत्री की बहन बीबी मनप्रीत कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति बधाई देते हुए।






