पुल निर्माण के लिए पी.आई.डी.बी. द्वारा 54.76 करोड़ रुपये की राशि पहले ही आरक्षित: चेयरमैन
पुल बनने से बदलेगी धूरी की तकदीर; दो हिस्सों में बंटा धूरी शहर बनेगा एक
धूरी, 31 जनवरी, 2026: धूरीवासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब दशकों से लंबित धूरी रेलवे ओवर ब्रिज की मांग को पूरा करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रेलवे द्वारा ओवर ब्रिज की ड्राइंग स्वीकृत होने के केवल दो दिनों के भीतर ही टेंडर जारी करवा दिया। इससे यह सिद्ध हो गया है कि पंजाब सरकार जनहित से जुड़े परियोजनाओं को लेकर पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि भले ही विपक्षी दलों द्वारा इस परियोजना में बाधाएं उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शिता, मजबूत इच्छाशक्ति और अथक प्रयासों के कारण आज धूरीवासियों का सपना साकार होने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा रेलवे ओवर ब्रिज के लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं, जिसके चलते टेंडर प्रक्रिया को दिनों की बजाय घंटों में अगले चरण तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 54.76 करोड़ रुपये की राशि पहले ही आरक्षित कर दी गई है, जो सरकार की गंभीरता और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
चेयरमैन ने आगे बताया कि वन विभाग, पंजाब राज्य पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड तथा जल संसाधन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों में जमा करवाई जाने वाली राशि और भूमि परिवर्तन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि टेंडर भरने की अंतिम तिथि 17 फरवरी है और फरवरी माह के दौरान ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि यह रेलवे ओवर ब्रिज बागड़ियां चौक के पास महावीर मंदिर से शुरू होकर धूरी बाइपास पर जाकर उतरेगा। यह पुल शेरो डिस्ट्रीब्यूटरी ड्रेन के ऊपर से गुजरेगा तथा राजपुरा–बठिंडा और धूरी–लुधियाना रेलवे लाइनों को कवर करेगा। इससे धूरी बाइपास पर यातायात की समस्या को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस पुल के निर्माण से धूरीवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि इस ओवर ब्रिज के निर्माण से धूरी शहर की तस्वीर ही बदल जाएगी। रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से स्थायी निजात मिलेगी तथा व्यापारिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास को नया प्रोत्साहन प्राप्त होगा। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार धूरी के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनहितों के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।






