जालंधर, 31 जनवरी 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से एक दिन पहले जालंधर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे शहर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। हालांकि, गुरु रविदास महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर निकाले जा रहे नगर कीर्तन के कारण जालंधर के सभी स्कूल पहले से ही आज बंद हैं। ईमेल में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। यह ईमेल “बिल्ली हाल” नामक आईडी से भेजी गई बताई जा रही है।
ईमेल के संदेश में लिखा गया कि “आज 3-4 स्कूलों में बम फटेंगे। हम गुरु रविदास जी का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन मोदी खालिस्तान का दुश्मन है।” इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों में सघन जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उनके दौरे का पूरा कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं किया है। भाजपा नेताओं के अनुसार, प्रधानमंत्री जालंधर के डेरा सच्चखंड बल्लां में लगभग 40 मिनट रुकेंगे। इस दौरान वे करीब 15 मिनट का संबोधन देंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री डेरा सच्चखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से लगभग 10 मिनट तक मुलाकात करेंगे और पंजाब भाजपा नेतृत्व के साथ भी 10 मिनट की बैठक प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
फिलहाल, पुलिस और खुफिया एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की जांच में जुटी हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।






