HomeHaryanaथाना शहर टोहाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : गौवंश तस्करी के मामले...

थाना शहर टोहाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : गौवंश तस्करी के मामले में एक आरोपी काबू

छोटा हाथी वाहन में क्रूरता से ले जाए जा रहे गौवंश को कराया गया मुक्त 

टोहाना, 30 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के तहत थाना शहर टोहाना पुलिस ने गौवंश तस्करी के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी की पहचान सुमित पुत्र मोती प्रसाद निवासी पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

थाना शहर टोहाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि आरएमसी अस्पताल, टोहाना के समीप गौरक्षा दल के सदस्यों द्वारा एक संदिग्ध छोटा हाथी वाहन को रोका गया। वाहन चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, जिस पर संदेह होने के कारण गौरक्षा दल की सहायता से वाहन को काबू किया गया।

सूचना प्राप्त होने पर थाना शहर टोहाना से उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। गौरक्षा दल के प्रधान साहिल गिल द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के पीछे बंद डाले में दो बैल तथा एक गाय, रस्सियों से बंधे हुए, अत्यंत क्रूर अवस्था में पाए गए।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर चालक सुमित ने स्वीकार किया कि वह पंजाब की ओर से गौवंश को अवैध रूप से भर-भर कर तस्करी के उद्देश्य से ले जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शहर टोहाना में अभियोग संख्या 34 दिनांक 30.01.2026 अंतर्गत धारा 13(1), 13(2), 17(1) हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम, 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी में आरोपी के साथ और कौन-कौन शामिल हैं।

फतेहाबाद पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी जैसे अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments