HomePatialaनेशनल माउंटेन टेरेन बाइक (MTB) चैंपियनशिप के लिए पंजाब टीम के चयन...

नेशनल माउंटेन टेरेन बाइक (MTB) चैंपियनशिप के लिए पंजाब टीम के चयन संबंधी ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न

साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा गठित एड-हॉक कमेटी ने करवाए ट्रायल

पटियाला, 30 जनवरी, 2026: साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा पंजाब में साइक्लिंग खेल के प्रबंधन और विकास के लिए गठित एड-हॉक कमेटी की देखरेख एवं दिशा-निर्देशों के अंतर्गत नेशनल माउंटेन टेरेन बाइक (MTB) चैंपियनशिप के लिए पंजाब टीम के चयन हेतु ट्रायल जागो-अकाल अकैडमी रोड, गांव कलवां, ज्योति सिटी के निकट आयोजित किए गए। इन ट्रायल्स में लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, होशियारपुर, संगरूर, बठिंडा, अमृतसर सहित राज्य के विभिन्न जिलों से 74 से अधिक साइक्लिस्टों ने भाग लिया।

यह जानकारी साझा करते हुए श्री शैलेंद्र पाठक, चेयरमैन, एड-हॉक कमेटी (साइक्लिंग पंजाब) एवं संयुक्त सचिव, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) ने बताया कि प्रेसिडेंट कमिश्नर पैनल (PCP) डॉ. धर्मेंद्र लांबा की देखरेख में आयोजित इन ट्रायल्स में राज्य के विभिन्न जिलों से आए अलग-अलग आयु वर्ग के लड़के एवं लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन टाइम ट्रायल के आधार पर किया गया।

आज आयोजित ट्रायल्स में पुरुष एलीट वर्ग में लुधियाना के मोहम्मद नसीरू ने पहला स्थान प्राप्त किया। पुरुष अंडर-23 वर्ग में पटियाला के युवराज सिंह ने पहला, लुधियाना के अमित सिंह ने दूसरा तथा अमृतसर के जसदीप सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष जूनियर वर्ग में लुधियाना के सोहेल अहमद ने पहला, मोहाली के अभय प्रताप सिंह ने दूसरा और पटियाला के करमनप्रीत सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

महिला एलीट वर्ग में मोहाली की दमनदीप कौर ने पहला तथा अमृतसर की मनरोजदीप कौर पन्नू ने दूसरा स्थान हासिल किया। महिला जूनियर वर्ग में लुधियाना की अंकिता ने पहला और लुधियाना की बलप्रीत कौर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

यूथ बॉयज वर्ग में अमृतसर के विश्वजीत सिंह पन्नू ने पहला, लुधियाना के प्रियांशु मौर्य ने दूसरा और संगरूर के प्रभजोत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। सब-जूनियर लड़कों के वर्ग में पटियाला के एकमजीत सिंह शाही ने पहला, पटियाला के गुरतरण सिंह ने दूसरा और बठिंडा के सुमेर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

सब-जूनियर लड़कियों के वर्ग में लुधियाना की अंशिका ने पहला, लुधियाना की प्रीति ने दूसरा और लुधियाना की ही नेहा कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

एड-हॉक कमेटी के सदस्यों एवं अनुभवी कोचों द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ ट्रायल प्रक्रिया संपन्न करवाई गई। ट्रायल्स के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया गया तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

एड-हॉक कमेटी के अधिकारियों ने बताया कि इन ट्रायल्स का मुख्य उद्देश्य पंजाब के प्रतिभाशाली साइक्लिंग खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब टीम को आगामी नेशनल माउंटेन टेरेन बाइक चैंपियनशिप में मजबूत दावेदार बनाने के लिए चयनित खिलाड़ियों को आगे और बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

एड-हॉक कमेटी ने जिला प्रशासन पटियाला, सभी भाग लेने वाले खिलाड़ियों, कोचों एवं सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य में साइक्लिंग खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

इस अवसर पर सोसाइटी फॉर स्पोर्ट्स पर्सन वेलफेयर के जत्थेदार बूटा सिंह तथा अंबर इंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही पंजाब टीम को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। इस मौके पर इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह का भी विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर एड-हॉक कमेटी के सदस्य मनीष साहनी, तकनीकी अधिकारी राजविंदर कौर, शरेनू, संदीप कौर, भूपिंदर सिंह सहित सभी जिलों के खिलाड़ी, कोच, खिलाड़ियों के माता-पिता एवं दर्शक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments