भट्टू कलां,30 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन,आईपीएस द्वारा जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान और सख्त कार्यवाही के निर्देशों के तहत एंटी नारकोटिक सेल (ANC) फतेहाबाद को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान एक युवक को 6.37 ग्राम प्रतिबंधित नशीले पदार्थ (हेरोइन) सहित काबू किया है।
एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि सब-इंस्पेक्टर (SI) शिशपाल सिंह के नेतृत्व में एक टीम गश्त एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु फतेहाबाद से गांव ढाबी कलां और जांडवाला बागड़ होते हुए भट्टू कलां की ओर जा रही थी।जब पुलिस टीम PWD रेस्ट हाउस, भट्टू कलां के समीप पहुंची, तो सामने से आ रहा एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस की सरकारी गाड़ी को देखकर घबरा गया। युवक ने अपनी बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने शक के आधार पर उसे तुरंत घेराबंदी कर काबू कर लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान संदीप कुमार पुत्र दलबीर सिंह, निवासी जोगीवाला (जिला सिरसा) के रूप में हुई है। नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।आरोपी के विरुद्ध थाना भट्टू कलां में मुकदमा नंबर 16, धारा 21B-61-85 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहाँ से लेकर आया था और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए इस तरह की कार्यवाहियां भविष्य में भी जारी रहेंगी।






