तरनतारन, 30 जनवरी 2026 : जिला तरनतारन के गांव सभरा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां नशे की ओवरडोज के कारण एक और युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान रवि सिंह के रूप में हुई है, जो सतनाम सिंह का पुत्र था। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और एक बार फिर नशे के बढ़ते खतरे ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
मृतक के पिता सतनाम सिंह ने गमगीन मन से बताया कि रवि पिछले कुछ समय से नशे का आदी हो गया था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह बाथरूम गया था। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा तो रवि बेहोशी की हालत में पड़ा था और उसने नशे का इंजेक्शन लगाया हुआ था। परिजन तुरंत उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रवि अपने पीछे माता-पिता और एक छोटे भाई को छोड़ गया है। बेटे की मौत से टूट चुके पिता ने सरकार और प्रशासन से भावुक अपील की है कि नशे के इस अभिशाप को जड़ से खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि नशा लगातार घरों के चिराग बुझा रहा है और वह नहीं चाहते कि किसी और मां-बाप को इस तरह अपने बेटे को खोना पड़े।






