मंदिर में एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी व विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक
सभी विभाग मंदिर के कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध: वरजीत वालिया
पटियाला, 30 जनवरी, 2026: पटियाला के उपायुक्त वरजीत वालिया ने आज पटियाला के ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर के नवीनीकरण परियोजनाओं की समीक्षा के लिए मंदिर का दौरा किया। इस अवसर पर मंदिर की एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के सदस्य सी.ए. अजय अलीपुरिया, संजय सिंगला, डॉ. राज कुमार गुप्ता तथा ए.डी.सी. (ज) सिमरप्रीत कौर के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग, ड्रेनेज, नगर निगम एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने मंदिर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू करवाई गई विकास परियोजनाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं इन कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर से संबंधित कार्य होने के कारण सभी अधिकारी इसे सेवा मानकर पूरी निष्ठा व समर्पण भाव से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा सभी कार्य मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा निर्धारित समय सीमा के अनुसार एक वर्ष के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे।
वरजीत वालिया ने इस अवसर पर श्री काली माता मंदिर को नया स्वरूप देने के साथ-साथ मंदिर के सरोवर में स्वच्छ नहरी पानी की आपूर्ति, सीवरेज व ड्रेनेज व्यवस्था, सरोवर के चारों ओर बनने वाले नए मार्ग के लिए आर.सी.सी. कार्य, प्रवेश द्वार व सरोवर के निर्माण तथा छह बिल्डिंग ब्लॉकों सहित चल रहे आम आदमी क्लिनिक का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार इस आध्यात्मिक केंद्र को पंजाब की वास्तुकला का एक उत्कृष्ट नमूना बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि चल रहे कार्यों की समीक्षा के लिए नियमित रूप से बैठकें और निरीक्षण किए जाते रहेंगे।
फोटो कैप्शन:
पटियाला के उपायुक्त वरजीत वालिया माता श्री काली देवी मंदिर के नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक करते हुए। उनके साथ मंदिर की एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के सदस्य सी.ए. अजय अलीपुरिया, संजय सिंगला, डॉ. राज कुमार गुप्ता तथा ए.डी.सी. (ज) सिमरप्रीत कौर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद हैं।






