डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया द्वारा विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा
जिले को स्वच्छ व विकसित बनाने के लिए विभागों से आपसी समन्वय से काम करने की अपील
पटियाला, 29 जनवरी 2026: जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह विभिन्न विभागों की मासिक बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनमें डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में विभागों की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की समीक्षा की जाती है। इसी कड़ी के तहत आज पटियाला के डिप्टी कमिश्नर श्री वरजीत वालिया द्वारा ली गई मासिक बैठक में सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए कि जिस प्रकार जिला स्तर की मासिक बैठक में प्रत्येक विभाग प्रमुख अपने विभाग की कार्यप्रणाली और पीपीटी के साथ उपस्थित होता है, उसी तर्ज पर अब उप-मंडल (सब डिवीजन) स्तर पर भी विभाग प्रमुख एसडीएम की अध्यक्षता में होने वाली मासिक बैठक में अपनी कार्यप्रणाली प्रस्तुत करेंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने उप-मंडलों में नियमित बैठकें आयोजित कर प्रत्येक माह कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले को स्वस्थ, स्वच्छ और विकसित बनाने में योगदान दें।
इस बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा अधिकारी, जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड, नगर निगम आयुक्त, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, ड्रेनेज विभाग, सभी कार्य साधक अधिकारी, नगर परिषदें, नगर पंचायतें तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा करते हुए सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।
डिप्टी कमिश्नर ने नगर निगम, नगर परिषदों और पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई, कचरा प्रबंधन और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ की आशंका के मद्देनज़र ड्रेनेज विभाग को नालियों और ड्रेनों की तत्काल सफाई करवाने के लिए भी कहा।
डिप्टी कमिश्नर द्वारा बैठक में पेयजल की गुणवत्ता, जल आपूर्ति कनेक्शन, सीवरेज प्रणाली और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा की जा रही कार्रवाइयों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ पानी और स्वस्थ वातावरण लोगों का मूल अधिकार है।
उन्होंने सड़कों की स्थिति, स्ट्रीट लाइटें, प्रकाश व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, ई-रिक्शा नियमन, नए व पुराने बस स्टैंड की व्यवस्था, राजपुरा व नाभा के ट्रैफिक, भारी वाहनों की आवाजाही तथा सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की नियमित जांच पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर पीडीए की एसीए जशनप्रीत कौर गिल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर इस्मत विजय सिंह, सभी एसडीएम, आरटीओ बबनदीप सिंह वालिया, जिला माल अधिकारी अंकिता अग्रवाल, मुख्यमंत्री फील्ड अधिकारी सतीश चंद्र, सिविल सर्जन डॉ. जसविंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।






