नशा मुक्ति टीम ने संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों व किसानों के साथ की गोष्ठियां, पीड़ितों को उपचार व काउंसलिंग उपलब्ध
फतेहाबाद, 29 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिले में नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में एसआई सुंदर के कुशल नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद द्वारा व्यापक स्तर पर जनसंपर्क, निगरानी एवं उपचार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं, ताकि नशा पीड़ितों तक सही समय पर सहायता पहुंचाई जा सके और समाज को इस अभियान से जोड़ा जा सके।
नशा मुक्ति टीम द्वारा ड्रग पीड़ितों को सिरिंज उपलब्ध करवाने वाली अधिकृत संस्था शांति युवा मंडल के कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं स्टाफ के साथ गोष्ठी आयोजित कर संस्था का समस्त रिकॉर्ड चेक किया गया। टीम द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किए जा रहे हैं। साथ ही संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि नशा पीड़ितों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं जिम्मेदार तरीके से सेवाएं प्रदान की जा सकें।
इसके उपरांत रतिया रेस्ट हाउस में रतिया मंडल के सरपंचों के साथ तथा अनाज मंडी में भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग गोष्ठियां आयोजित की गईं। इन बैठकों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों व किसान नेताओं को नशा मुक्ति मिशन में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने, नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार के लिए आगे लाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इसके अतिरिक्त नागरिक अस्पताल एवं सीएचसी रतिया में पूर्व चिन्हित ड्रग पीड़ितों को दाखिल करवाया गया, ताकि उन्हें चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध हो सके। वहीं गुरुसर के 02, चीमो के 01 तथा अहरवा के 01 सहित कुल 04 ड्रग पीड़ितों को चिन्हित कर काउंसलिंग करवाई गई। काउंसलिंग उपरांत इन पीड़ितों को आयुर्वेदिक दवाएं भी उपलब्ध करवाई गईं, जिससे वे नशे से दूर होकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
फतेहाबाद पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत आगे भी इस प्रकार की गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी और समाज के हर वर्ग को जोड़कर नशा मुक्त जिला बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाते रहेंगे।






