मुसाअली निवासी युवक से भारी मात्रा में अल्प्राजोलम व प्रेगाबालिन बरामद
फतेहाबाद, 29 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए फतेहाबाद ने कॉमर्शियल मात्रा में नशीली दवाओं के साथ एक आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है।
सीआईए फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसआई सुखविंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुसाअली से बनावाली रोड पर खेत ढाणी सतपाल सिंह के सामने दबिश दी गई। इस दौरान एक युवक पुलिस वाहन को देखकर खेतों की ओर भागने लगा, जिसे शक के आधार पर काबू किया गया। पूछताछ करने पर आरोपी की पहचान गुरजंट सिंह उर्फ जन्टा निवासी मुसाअली, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई।
नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 100 नशीली गोलियां (अल्प्राजोलम) तथा 120 नशीले कैप्सूल (प्रेगाबालिन) बरामद किए गए, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत कॉमर्शियल श्रेणी में आते हैं।
इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 28/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 22(बी)/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले की जांच जारी है।






