दीनानगर, 29 जनवरी 2026: अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे घुसपैठियों को मार गिराया। यह घटना बीती रात गुरदासपुर जिले में भारत–पाकिस्तान सीमा पर कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच हुई।
रिपोर्टों के अनुसार, BSF की 113वीं बटालियन के बीओपी घणिया के पास सतर्क जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे घुसपैठियों को देखा और उन्हें चुनौती दी। चेतावनी दिए जाने के बावजूद जब घुसपैठिए आगे बढ़ते रहे, तो BSF जवानों ने गोलीबारी की, जिसमें घुसपैठिए मारे गए।
घटना की सूचना मिलते ही BSF के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां सीमा पर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
इस कार्रवाई को सीमा की सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।






