चंडीगढ़, 28 जनवरी 2026: अगले महीने पंजाब की सियासत में हलचल तेज होने वाली है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के दो प्रमुख नेता—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह—पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब पहुंचेंगे, जबकि फरवरी के अंत में गृह मंत्री अमित शाह राज्य का दौरा करेंगे और मोगा में एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 फरवरी को श्री गुरु रविदास जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब आएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री डेरा सच्चखंड बल्लां में माथा टेकेंगे। बिट्टू ने कहा कि संसद का बजट सत्र 1 फरवरी को शुरू होगा और इसके बाद प्रधानमंत्री सीधे पंजाब के लिए रवाना होंगे। उनके शाम करीब 4 बजे डेरा बल्लां पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी का जन्मदिवस पूरे देश के लिए एक पवित्र अवसर है और इस मौके पर प्रधानमंत्री का डेरा बल्लां आना समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बिट्टू ने आगे कहा कि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाएं और संदेश समाज को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अगले वर्ष श्री गुरु रविदास जी के 650वें जन्मदिवस को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारियां चल रही हैं।
वहीं भाजपा सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी फरवरी के अंतिम सप्ताह में पंजाब का दौरा करेंगे। इस दौरान वह मोगा में भाजपा द्वारा आयोजित एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। हालांकि, अमित शाह के दौरे की सटीक तारीख अभी तय नहीं की गई है, लेकिन यह लगभग तय है कि उनका दौरा फरवरी के आखिरी सप्ताह में होगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कुछ नेताओं ने पहले ही मोगा रैली का ऐलान कर दिया है, लेकिन रैली को लेकर अभी तक कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ कोई आधिकारिक बैठक नहीं हुई है। आने वाले दिनों में इस संबंध में औपचारिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।






