हरियाणा, 27 जनवरी 2026: हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा है कि राज्य के जिन क्षेत्रों में कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं और उनके ऊपर से 33 केवी या 66 केवी की बिजली लाइनें गुजर रही हैं, उन्हें हटाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम आम जनता की सुरक्षा और बेहतर बिजली व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि हाल ही में तेज हवाओं और बारिश के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे अनेक फीडर और ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। संबंधित विभागों द्वारा क्षतिग्रस्त फीडरों और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द सामान्य की जा सके।
अनिल विज ने कहा कि तूफान और बारिश के कारण राज्य में सैकड़ों बिजली के खंभे टूटे हैं और कई ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिजली निगम द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और उपभोक्ताओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। साथ ही सरकार देश की संस्कृति को और मजबूत करने तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।






