मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में फहराया तिरंगा
हरियाणा, 26 जनवरी 2026: देश भर के साथ-साथ हरियाणा में भी आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह गुरुग्राम के सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने भव्य परेड की सलामी ली और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज भारत का रक्षा क्षेत्र तेजी से स्वदेशी बन रहा है, जो देश की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई “जी रामजी योजना” मजदूरों के विकास और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे राज्य होने के बावजूद हरियाणा ने प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने के लिए तेजी से प्रयास शुरू किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप हरियाणा आज उत्तर भारत में कई श्रेणियों में पहले स्थान पर बना हुआ है। उन्होंने राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
हांसी: हांसी को जिला बनाए जाने के बाद यहां पहली बार जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सरकारी कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
रोहतक: रोहतक में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने राजीव गांधी स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड की सलामी ली और जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने संविधान के मूल्यों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रदेश भर में गणतंत्र दिवस के मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और लोकतंत्र, एकता व अखंडता का संदेश दिया गया।






