चंडीगढ़, 25 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए चल रही मुहिम के तहत स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) एसएएस नगर ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई में नार्को-आतंकवाद से जुड़े अंतरराज्यीय व सीमा पार नेटवर्क के मुख्य वित्तीय लिंक का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतनाम सिंह (22), निवासी गांव पुन्नेवाल, जिला संगरूर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पाकिस्तान आधारित ड्रग तस्कर के निर्देशों पर अपने बैंक खाते और यूपीआई के जरिए हेरोइन तस्करी से अर्जित धन को आगे ट्रांसफर कर आतंकी फंडिंग में मदद की।
यह खुलासा भारत-नेपाल सीमा के पास रक्सौल से नार्को-आतंक से जुड़े मुख्य आरोपी राजबीर सिंह उर्फ फौजी की गिरफ्तारी के बाद हुई गहन जांच के दौरान हुआ। पुलिस के अनुसार नेटवर्क का संबंध हेरोइन तस्करी, अवैध हथियारों और नवंबर 2025 में हरियाणा के सिरसा में हुए ग्रेनेड हमले से भी जुड़ा है।
एआईजी एसएसओसी दीपक पारिक ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। इस संबंध में थाना एसएसओसी एसएएस नगर में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है।






