स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान के संकल्प के साथ मनाया गया मतदाता दिवस
टोहाना, 25 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा): राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामूहिक रूप से मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसडीएम आकाश शर्मा ने अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदान की महत्ता को बताते हुए वोट डालने और अन्य मतदाताओं से भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
एसडीएम आकाश शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ ही अपने आस पड़ोस रहने वाले 18 वर्ष से ऊपर के प्रत्येक नागरिक को मतदाता बनने व निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें। 25 जनवरी को हर साल राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस व नए मतदाता बनने वालों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवक-युवतियों को मतदाता सूची में शामिल कराएं।
उन्होंने लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया और कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व भी है। प्रत्येक मतदाता का जागरूक और निष्पक्ष होकर मतदान करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है। उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। “वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम” स्लोगन के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया गया। इस दौरान अधीक्षक मुकेश बजाज, गौतम वधवा, राजीव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






