चंडीगढ़, 25 जनवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर गौ-सेवा और संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए जिले की 14 गौशालाओं को 1.22 करोड़ रुपये की चारा सब्सिडी वितरित की। माता मनसा देवी गौधाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साकेतरी पहाड़ी स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक जाने वाली सड़क के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के लिए 20 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी सुमन सैनी के साथ गौ पूजा कर गौवंश को चारा व गुड़ खिलाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गौशालाओं, गौ संरक्षण और प्राकृतिक खेती को निरंतर बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में राज्य की पंजीकृत गौशालाओं को 270 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान, स्वदेशी नस्लों के संरक्षण और गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।






