HomeHaryanaगणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल में एसपी सिद्धांत जैन ने...

गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल में एसपी सिद्धांत जैन ने ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी

26 जनवरी को पुलिस लाइन में जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण लाल मिड्ढा होंगे मुख्य अतिथि

फतेहाबाद, 24 जनवरी, 2026: फतेहाबाद में गणतंत्र दिवस 2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल हुई। फाइनल रिहर्सल में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत उन्होंने परेड कमांडर डीएसपी संजय बिश्रोई के नेतृत्व में हुई परेड का निरीक्षण करते हुए प्रतिभागी टुकडिय़ों की तैयारियों, अनुशासन और समन्वय का जायजा लिया। इस अवसर पर कार्यवाहक उपायुक्त अनुराग ढालिया भी मौजूद रहे।

इससे पहले पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन व कार्यवाहक उपायुक्त अनुराग ढालिया ने लघु सचिवालय के समीप शहीदी स्मारक पर अमर वीर जवानों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। नगराधीश गौरव गुप्ता ने बताया कि 26 जनवरी को पुलिस लाइन ग्राउंड में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास व गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह में हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण लाल मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। उन्होंने बताया कि फाइनल रिहर्सल में पुलिस विभाग की विभिन्न टुकडिय़ों सहित होमगार्ड, एनसीसी एवं अन्य प्रतिभागियों ने परेड में भाग लिया। कार्यक्रम में मार्च-पास्ट, पीटी शो, लेजियम शो, योगा शो सहित अन्य प्रस्तुतियों का अभ्यास भी कराया गया।

उन्होंने बताया कि फाइनल रिहर्सल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विभिन्न विद्यालयों द्वारा देशभक्ति व सामाजिक संदेश से जुड़ी प्रस्तुतियों का पूर्वाभ्यास भी किया गया। फाइनल रिहर्सल में पायनियर कान्वेंट स्कूल व क्रिसेंट पब्लिक स्कूल ने कोरियोग्राफी, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खारा खेड़ी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ ग्रुप डांस, पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद व एसबीपी डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ने हरियाणवी ग्रुप डांस, रॉयल पब्लिक स्कूल बहबलपुर ने पंजाबी भंगड़ा आदि की प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, डीडीपीओ अनूप सिंह, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उप निदेशक अमित पंवार, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड सचिव विंग कमांडर सुजाता, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई, नायब तहसीलदार विकास कुमार, बीडीपीओ भजनलाल, एसडीओ सतपाल रोज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments