टोहाना: 22 जनवरी (ब्रिजपाल जाखल): पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन (IPS) के दिशा-निर्देशों में नशे और गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर टोहाना पुलिस ने आज रेलवे रोड पर स्थित ‘जनता मेडिकल हॉल’ को नियमों के उल्लंघन के आरोप में सील कर दिया।
जांच के दौरान मिली खामियां:
थाना शहर टोहाना के प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि डीसीओ (झज्जर) प्रतिभा यादव के नेतृत्व में एक टीम द्वारा कंवर सैनी चौक स्थित इस मेडिकल स्टोर की अचानक जांच की गई। जांच के दौरान निम्न खामियां सामने आईं—
मेडिकल स्टोर पर बिना किसी योग्य डॉक्टर की पर्ची के दवाइयां बेची जा रही थीं।
स्टोर संचालक रजत पुत्र सुरिंदर (निवासी अनाज मंडी, टोहाना) द्वारा नियमों की गंभीर अनदेखी की जा रही थी।
मौके पर नसीब नाम का 20 वर्षीय युवक दवाइयां बेचता पाया गया, जो पिछले दो वर्षों से बिना वैध पर्ची के ग्राहकों को दवाइयां दे रहा था।
Video: 
https://youtube.com/shorts/XXyS5QRz9ac?si=zvXpDMCeSgnH9gIc
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई:
हालांकि जांच के दौरान कोई नशीली दवा बरामद नहीं हुई, लेकिन चिकित्सकीय नियमों के उल्लंघन और बिना पर्ची दवाइयां बेचने की शिकायत सही पाई गई। इसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर को मौके पर ही सील कर दिया।
आगे की कार्रवाई:
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और संबंधित विभाग द्वारा स्टोर संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मेडिकल स्टोर को नियमों के खिलाफ दवाइयां बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।






