HomeHaryana CCTV, रिकॉर्ड बैकअप, प्रशिक्षित गार्ड व पोर्टल इंद्राज पर सख्त निर्देश

 CCTV, रिकॉर्ड बैकअप, प्रशिक्षित गार्ड व पोर्टल इंद्राज पर सख्त निर्देश

संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित सूचना देने का आह्वान

फतेहाबाद, 22 जनवरी, 2026:  पुलिस अधीक्षक फतेहाबाद श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने जिला पुलिस लाइन स्थित एनजीओ मेस के मीटिंग हॉल में जिले के प्रमुख व्यापारिक वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद बैठक आयोजित की। इस बैठक में जिलेभर से आए पेट्रोल पंप मालिकों, आढ़तियों, ज्वैलरी व्यवसायियों, शराब कारोबारियों, बैंक प्रबंधकों सहित अन्य प्रतिष्ठित व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय के माध्यम से अपराध नियंत्रण में भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं और अपराध के तौर-तरीकों में भी बदलाव देखा जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यापारी को अपने प्रतिष्ठान की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यापारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दुकानों, संस्थानों एवं कार्यालयों में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाएं, समय-समय पर उनकी जांच करवाएं तथा कैमरों की रिकॉर्डिंग को कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखें।

उन्होंने बताया कि ज्वैलरी शॉप्स, बैंक शाखाएं, पेट्रोल पंप, शराब ठेके व आढ़त बाजार जैसे स्थान संवेदनशील श्रेणी में आते हैं, जहां सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही अपराधियों को अवसर दे सकती है। ऐसे स्थानों पर प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड तैनात करना तथा प्रवेश/निकासी बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखना जरूरी है।

बैठक में बैंक प्रतिनिधियों को नकद लेन-देन एवं एटीएम सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई। वहीं शराब विक्रेताओं को ठेकों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित रखने तथा विशेष रूप से रात्रि समय में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि सभी व्यापारी एवं संस्थान संचालक अपने प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति/वाहन की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

इसके साथ ही बैठक के दौरान सभी होटल एवं गेस्ट हाउस मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों का इंद्राज अनिवार्य रूप से संबंधित पोर्टल/एप पर करें तथा अपनी आईडी बनाएं। होटल में ठहरने वाले प्रत्येक यात्री का विवरण समय पर पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करें। जिन होटल संचालकों द्वारा पोर्टल पर इंद्राज नहीं किया जाएगा, उनके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने भी पुलिस अधीक्षक को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा सुरक्षा से जुड़े उपयोगी सुझाव भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर डीएसपी हेडक्वार्टर कुलवंत सिंह, सुरक्षा प्रभारी उपनिरीक्षक सत्यनारायण, एसपी प्रवाचक उपनिरीक्षक संदीप कुमार सहित जिलेभर से आए प्रमुख व्यापारीगण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments