शिमला, 21 जनवरी 2026: हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हेली टैक्सी सेवाओं का शुभारंभ किया। इन सेवाओं के तहत शिमला को कुल्लू, रिकांग पिओ (किन्नौर) और चंडीगढ़ से जोड़ा गया है। सेवाओं को राज्य की राजधानी स्थित संजौली हेलीपोर्ट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
ये हेली टैक्सी सेवाएं केंद्र सरकार की उड़ान (UDAN) योजना के तहत हेरिटेज एविएशन के सहयोग से शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन राज्य सरकार की प्राथमिकता है और यह पहल पर्यटन के साथ-साथ परिवहन ढांचे को भी मजबूती देगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि संजौली हेलीपोर्ट, जिसकी आधारशिला पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में रखी गई थी, लंबे समय से अधूरा पड़ा था, जिसे वर्तमान सरकार ने पूरा किया। उन्होंने किन्नौर जैसे जनजातीय क्षेत्रों को हेली नेटवर्क से जोड़ने के लिए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन रघुबीर सिंह बाली के प्रयासों की सराहना की।
हेरिटेज एविएशन के सीईओ रोहित माथुर ने बताया कि शिमला–कुल्लू रूट पर रोजाना दो उड़ानें और शिमला–रिकांग पिओ रूट पर एक उड़ान संचालित होगी। किराया शिमला–कुल्लू के लिए 3,500 रुपये और शिमला–रिकांग पिओ के लिए 4,000 रुपये तय किया गया है। यात्रियों को केवल 5 किलो हैंड बैगेज की अनुमति होगी।
हेली टैक्सी सेवा से यात्रा समय में भारी कमी आएगी और दूरदराज़ क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन, व्यापार और मेडिकल आपात स्थितियों में लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।






