नई दिल्ली, 21 जनवरी 2026: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से मेट्रो विस्तार को लेकर एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार ने मेट्रो फेज-4 के तहत प्रस्तावित ग्रीन लाइन के विस्तार के लिए बजट राशि को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से न केवल दिल्ली बल्कि हरियाणा के बहादुरगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
दिल्ली सरकार ने ग्रीन लाइन पर इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक नए मेट्रो कॉरिडोर के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके बाद बहादुरगढ़ से दिल्ली के IGI एयरपोर्ट, इंद्रप्रस्थ और राजधानी के अन्य प्रमुख इलाकों तक यातायात जाम से राहत के साथ आरामदायक और तेज यात्रा संभव हो सकेगी।
वर्तमान में ग्रीन लाइन बहादुरगढ़ से इंद्रलोक होते हुए कीर्ति नगर तक संचालित है। अब मेट्रो के चौथे चरण के तहत इस लाइन को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रस्तावित विस्तार के अंतर्गत इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक करीब 12 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। इस रूट पर कुल 10 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें 1 एलिवेटेड और 9 अंडरग्राउंड स्टेशन शामिल होंगे। यह विस्तार मध्य और पुरानी दिल्ली को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
इस नए कॉरिडोर पर नई दिल्ली स्टेशन को ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को IGI एयरपोर्ट पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा आईटीओ, दिल्ली सचिवालय और आसपास के क्षेत्रों तक भी यात्रा अधिक सुगम हो जाएगी।
ग्रीन लाइन के इस विस्तार से लोगों को सड़क मार्ग पर लगने वाले भारी ट्रैफिक से राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन के रूप में तेज, सुरक्षित और समय की बचत करने वाला विकल्प उपलब्ध होगा। मेट्रो सेवा के माध्यम से यात्री कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे, जिससे दैनिक आवागमन और कामकाजी लोगों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।






