राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे मुख्य कार्यक्रमों की अगुवाई
चंडीगढ़, 20 जनवरी 2026: हरियाणा सरकार ने 26 जनवरी 2026 को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राज्यभर में ध्वजारोहण करने वाले गणमान्य व्यक्तियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। सभी मंडलों, जिलों, उप-मंडलों, तहसीलों और प्रमुख स्थानों पर सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. आशीम कुमार घोष पंचकूला में ध्वजारोहण करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। चंडीगढ़ स्थित लोक भवन में पारंपरिक ‘एट होम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिला स्तर पर विभिन्न मंत्रियों, सांसदों और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उप-मंडल स्तर पर विधायक, सांसद, महापौर, जिला परिषद चेयरपर्सन, मंडलायुक्त और एसडीओ गणतंत्र दिवस समारोहों की अगुवाई करेंगे, ताकि आम जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।






