इन तीन राशियों पर बरसेगी कृपा
ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को ग्रहों का राजा कहा गया है। सूर्य की चाल का प्रभाव सभी 12 राशियों पर पड़ता है। जल्द ही सूर्य का गोचर मीन राशि में होने जा रहा है। मीन राशि का स्वामित्व देवगुरु बृहस्पति को प्राप्त है और इस राशि में पहले से ही शनिदेव विराजमान हैं। ऐसे में लगभग 30 वर्षों बाद सूर्य और शनि का दुर्लभ संयोग मीन राशि में बनने जा रहा है।
ज्योतिष के अनुसार सूर्य और शनि का संबंध पिता–पुत्र का माना जाता है और इन दोनों का एक साथ होना सामान्यतः शुभ नहीं माना जाता। हालांकि, इस बार गुरु की राशि मीन में बन रहा यह योग कुछ राशियों के लिए विशेष लाभकारी सिद्ध हो सकता है। इस संयोग का असर सभी राशियों पर पड़ेगा, लेकिन तीन राशियों के जातकों को खास फायदा मिलने की संभावना है।
धनु राशि: लगभग 30 वर्षों बाद शनि और सूर्य का संगम गुरु की राशि मीन में होने से धनु राशि के जातकों को बड़ा लाभ मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों को तरक्की के अवसर मिलेंगे, वहीं व्यापार में भी सफलता के योग बन रहे हैं। आर्थिक स्थिति पहले से अधिक मजबूत होगी और परिवार में सुख–शांति बनी रहेगी। जीवनसाथी के साथ चल रही परेशानियां भी अब समाप्त होने की संभावना है। इसके अलावा, काम के सिलसिले में यात्रा के योग भी बन रहे हैं।
मिथुन राशि: मिथुन राशि के जातकों के लिए सूर्य और शनि का यह संयोग शुभ संकेत लेकर आ रहा है। आपको जिम्मेदारियां भरे कई महत्वपूर्ण कार्य मिल सकते हैं, जिन्हें आप सफलतापूर्वक पूरा करेंगे। परिवार की ओर से कोई अच्छी खबर मिलने की संभावना है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और विभिन्न क्षेत्रों से लाभ प्राप्त होगा। रुके हुए कामों में भी गति आएगी।
मीन राशि: मीन राशि में ही 30 वर्षों बाद यह विशेष ग्रह संयोग बन रहा है, जिससे इस राशि के जातकों को सीधा लाभ मिलेगा। आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। लंबे समय से अटके कार्य पूरे होंगे और करियर व व्यापार में सफलता के नए रास्ते खुलेंगे। आने वाला समय उपलब्धियों से भरा रह सकता है।
कुल मिलाकर, सूर्य और शनि का यह दुर्लभ संयोग जहां कुछ राशियों के लिए सावधानी की मांग करता है, वहीं धनु, मिथुन और मीन राशि के जातकों के लिए यह समय उन्नति और सफलता का संकेत दे रहा है।
(रंजना कराकोटी)






