प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में हुआ औपचारिक ऐलान
नई दिल्ली, 20 जनवरी 2026: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल लिया। वे 14 दिसंबर 2025 से कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे। सोमवार को चुनावी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नितिन नवीन को भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पुष्टि कर दी गई।
भाजपा मुख्यालय के मंच से नितिन नवीन के नाम का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में आधिकारिक ऐलान किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नवीन को भाजपा अध्यक्ष का पद संभालने पर बधाई दी और उन्हें फूलों की माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मंच पर उपस्थित रहे।
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा कि वे दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वही महान पार्टी है, जिसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ के रूप में आगे बढ़ने का अवसर मिला और जिसे अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और कुशाभाऊ ठाकरे जैसे नेताओं ने भाजपा के रूप में सशक्त और विकसित किया।
जेपी नड्डा ने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि आज एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नेतृत्व के रूप में नितिन नवीन दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा का नेतृत्व संभाल रहे हैं।






