10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज मिलेगा: डॉ. बलबीर सिंह
चंडीगढ़, 19 जनवरी 2026: पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने घोषणा की है कि पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ को औपचारिक रूप से 22 जनवरी को शुरू किया जाएगा। इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक नागरिक को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए उस वादे को पूरा करती है, जिसके तहत हर नागरिक को बिना किसी वित्तीय बोझ के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करानी हैं।
डॉ. बलबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि हेल्थ कार्ड बनवाने से लेकर इलाज तक का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी और किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को किसी भी स्तर पर एक रुपया भी वसूलने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि सरकार ने योजना की दुरुपयोग की कोशिशों पर सख्त कार्रवाई की है। मुक्तसर और मानसा से शिकायतें मिली थीं, जहां कुछ लोग हेल्थ कार्ड बनाने के नाम पर 50 रुपये की अवैध वसूली कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दोनों व्यक्तियों को निलंबित कर दिया गया है, उनके लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि यूथ क्लब के स्वयंसेवक घर-घर जाकर टोकन वितरित करेंगे। नागरिकों को टोकन के साथ अपना आधार कार्ड और वोटर आईडी लेकर निर्धारित केंद्रों पर जाना होगा, जहां उनके हेल्थ कार्ड पूरी तरह नि:शुल्क बनाए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी कि सरकार जनकल्याण योजनाओं के नाम पर किसी भी तरह की लूट-खसोट को बर्दाश्त नहीं करेगी और आम लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
डॉ. बलबीर सिंह ने दोहराया कि मान सरकार पारदर्शी, जनहितैषी और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह योजना जनता के लिए है और सभी नागरिकों को मुफ्त और समान रूप से उपलब्ध रहेगी।






