चंडीगढ़ 19 जनवरी 2026 : चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने सोमवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ को स्लम-फ्री शहर घोषित कर दिया गया है और अब प्रशासन का पूरा ध्यान नए अतिक्रमण रोकने तथा सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद छोटे अतिक्रमण हटाने पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि प्रभावी निगरानी के लिए सेक्टर-वार जवाबदेही तय कर दी गई है।
डीसी निशांत यादव ने कहा कि वेंडिंग जोन, सड़कों के किनारे और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में किए गए छोटे अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। प्रत्येक सेक्टर के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हर पखवाड़े यह पुष्टि करते हुए हलफनामा (एफिडेविट) दें कि उनके क्षेत्र में कोई नया अतिक्रमण नहीं हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी बड़े अतिक्रमण पहले ही हटाए जा चुके हैं और अब प्राथमिकता यह सुनिश्चित करने की है कि कोई नया स्लम विकसित न हो।
इस दौरान डीसी ने रायपुर कलां स्थित नगर निगम चंडीगढ़ द्वारा संचालित गौशाला में गायों की मौत को लेकर सामने आई रिपोर्टों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि स्थल निरीक्षण के दौरान कुल 47 गायों की मौत की पुष्टि हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। यूटी प्रशासक भी स्वयं मौके का दौरा कर चुके हैं।
प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि कई शव उन पशुओं के थे, जिनकी मौत शहर के अन्य हिस्सों में हुई थी और उन्हें दफनाने या नष्ट करने के लिए गौशाला लाया गया था। डीसी ने कहा कि 3 से 4 दिनों में जांच रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






