पटियाला (पंजाब), 19 जनवरी 2026: महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और ब्रेस्ट कैंसर की समय रहते पहचान के उद्देश्य से पटियाला के जिला प्रशासनिक परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा AI आधारित ThermalytiX ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कैंप का सफल आयोजन किया गया।
पटियाला की डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने बताया कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना और बिना दर्द, बिना रेडिएशन और सुरक्षित तकनीक के जरिए शुरुआती स्तर पर ब्रेस्ट कैंसर की पहचान करना है। कैंप में डीसी कार्यालय सहित विभिन्न सरकारी विभागों की महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार स्क्रीनिंग के दौरान एक संदिग्ध मामला सामने आया, जिसे आगे की जांच के लिए माता कौशल्या अस्पताल, पटियाला रेफर किया गया है।
यह कैंप जिला उप स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनंदा ग्रोवर और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी त्रिपुरी डॉ. पारनित कौर की देखरेख में आयोजित किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों, कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी और समय पर जांच को जीवन रक्षक बताया।
डॉ. सुनंदा ग्रोवर ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और नियमित जांच करानी चाहिए, वहीं डॉ. पारनित कौर ने AI आधारित ThermalytiX तकनीक को प्रारंभिक स्तर पर ब्रेस्ट कैंसर की पहचान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
महिला प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना की। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि भविष्य में जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में भी ऐसे AI आधारित स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे।






