HomeNationalमहाराष्ट्र के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राज पुरोहित का निधन

महाराष्ट्र के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राज पुरोहित का निधन

मुंबई भाजपा में शोक की लहर

मुंबई, 18 जनवरी 2026: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राज पुरोहित का रविवार सुबह निधन हो गया। 70 वर्षीय राज पुरोहित ने मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति, विशेषकर मुंबई भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज पुरोहित पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उन्हें 15 जनवरी को बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान रविवार सुबह उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

राज पुरोहित का निधन ऐसे समय में हुआ है जब उनके परिवार में खुशी का माहौल था। उनके पुत्र आकाश पुरोहित ने हाल ही में संपन्न बीएमसी चुनाव 2026 में वार्ड 221, इमामवाड़ा डोंगरी से जीत दर्ज की थी। एक ओर परिवार में बेटे की जीत का उत्सव था, वहीं वरिष्ठ नेता के निधन ने इस खुशी को गहरे शोक में बदल दिया।

राज पुरोहित मुंबई भाजपा के एक मजबूत और मुखर नेता माने जाते थे। उनकी राजनीतिक यात्रा काफी प्रभावशाली रही। उन्होंने 25 वर्षों से अधिक समय तक विधानसभा में जनता का प्रतिनिधित्व किया। वे 1990, 1995, 1999 और 2004 में मुंबादेवी और कोलाबा विधानसभा क्षेत्रों से विधायक चुने गए। 1995-1999 की गठबंधन सरकार में उन्होंने श्रम, डेयरी विकास और संसदीय कार्य मंत्री के रूप में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। आवास मंत्री के तौर पर उन्होंने मुंबई के किरायेदारों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।

मुंबई भाजपा अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने पार्टी को मजबूत करने और गैर-मराठी मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। कठिन राजनीतिक दौर में भी वे पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे।

राज पुरोहित के पार्थिव शरीर को बॉम्बे अस्पताल से उनके निवास स्थान ले जाया गया है। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर 1 बजे निकलेगी और अंतिम संस्कार सोनापुर लेन श्मशान घाट में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments