लखनऊ, 18 जनवरी 2026: दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6650 में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के टॉयलेट से एक संदिग्ध नोट बरामद हुआ। नोट में हाथ से लिखा था कि विमान में बम है। इसके बाद सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को तुरंत लखनऊ की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सुबह करीब 08:46 बजे धमकी की सूचना मिली, जिसके बाद विमान ने सुबह 09:17 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग की। विमान में कुल 238 लोग सवार थे, जिनमें 222 वयस्क, 8 बच्चे, 2 पायलट और 5 क्रू मेंबर शामिल थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया।
लैंडिंग के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया। बम निरोधक दस्ते और CISF की टीमों ने विमान और यात्रियों के सामान की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टॉयलेट में वह नोट किसने रखा था।
इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा है कि वह सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।






