नई दिल्ली, 18 जनवरी 2026: भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि ममता बनर्जी बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को कथित तौर पर 10 हजार रुपये लेकर भारतीय नागरिकता दिला रही हैं, इसी कारण वे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से घबराई हुई हैं।
नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि इस अवैध गतिविधि में राज्य और देश के करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईडी की छापेमारी के दौरान तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों ने जांच एजेंसी के काम में बाधा डालने की कोशिश की।
भाजपा प्रवक्ता ने मुर्शीदाबाद में हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां राष्ट्रीय राजमार्ग और रेल सेवाएं बाधित की गईं तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुर्शीदाबाद भारत का हिस्सा नहीं है। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर ममता सरकार पर असंवैधानिक तरीके अपनाने और बीएलओ पर दबाव बनाने के आरोप लगाए।
संबित पात्रा ने कहा कि जो बंगाल कभी ‘सोनार बांग्ला’ था, वह आज हिंसा और अराजकता की ओर बढ़ रहा है। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर बंगाल को कमजोर करने और अवैध घुसपैठ को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया।






