HomeNationalराजस्व टीम पर हमले को लेकर भाजपा का कांग्रेस सरकार पर हमला

राजस्व टीम पर हमले को लेकर भाजपा का कांग्रेस सरकार पर हमला

रणधीर शर्मा बोले– हिमाचल में कानून का राज खत्म

शिमला, 18 जनवरी 2026: भाजपा के प्रदेश मीडिया इंचार्ज और नैना देवी से विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राउगी पंचायत में राजस्व विभाग की टीम पर हुआ हमला इस बात का जीता-जागता सबूत है कि प्रदेश में कानून का नहीं, बल्कि राजनीतिक ताकतवरों का शासन चल रहा है।

रणधीर शर्मा ने कहा कि सरकारी आदेशों के तहत भूमि सीमांकन के लिए पहुंचे पटवारी भूप सिंह और अन्य अधिकारियों पर जिस तरह से हमला किया गया, वह न केवल प्रशासन पर सीधा हमला है, बल्कि कानून के शासन के लिए खुली चुनौती भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीडीसी नगर के चेयरमैन खेख राम ने अपने राजनीतिक पद का दुरुपयोग करते हुए पहले राजस्व अधिकारियों को धमकाया और फिर कानूनगो व पटवारियों पर हमला किया, साथ ही जान से मारने की धमकियां भी दीं।

उन्होंने बताया कि पटवारी भूप सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें ढालपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शर्मा ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि सरकारी कर्मचारी ड्यूटी के दौरान सुरक्षित नहीं हैं। जब राजस्व अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

रणधीर शर्मा ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में अपराध, हिंसा, अवैध कब्जे और प्रशासनिक अधिकारियों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे साफ होता है कि सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ चुका है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने मांग की कि आरोपी खेख राम को तुरंत सख्त धाराओं के तहत गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित पटवारी को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि राजनीतिक पद किसी को भी कानून से ऊपर नहीं बनाता।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments