चंडीगढ़, 18 जनवरी 2026: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने महाराष्ट्र में बीएमसी चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत को लेकर संजय राउत के बयान पर तीखा पलटवार किया है। विज ने कहा कि हरियाणा, दिल्ली और बिहार विधानसभा चुनावों के बाद अब महाराष्ट्र के बीएमसी चुनाव में भी भाजपा की जीत इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने झूठे वायदों की राजनीति को छोड़कर विकास की राजनीति को अपनाया है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनिल विज ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां-वहां विपक्षी दलों के चुनावी कार्यालय बंद होते जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जता रही है।
हरिद्वार के हर की पौड़ी पर लगाए गए विवादित पोस्टरों के मामले में अनिल विज ने कहा कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत है, जो निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरिद्वार सदियों से आस्था का केंद्र रहा है और वहां हर किसी को जाने का अधिकार है।
वहीं, आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब में भाजपा मंत्री पर एफआईआर और आप नेता आतिशी मार्लेना के लापता होने से जुड़े पोस्टरों पर अनिल विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी खुद एक “लापता पार्टी” बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप लोगों की भावनाओं से खेलती है और सच्चाई का सामना करने से बचती है। विज ने मांग की कि आम आदमी पार्टी को इस तरह की हरकतों के लिए माफी मांगनी चाहिए और इस प्रकार की कथित बेअदबी की उन्हें सजा मिलनी चाहिए।






