चंडीगढ़, 17 जनवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को राज्य में जनकल्याण और समावेशी विकास को मजबूती देते हुए विभिन्न योजनाओं के तहत ₹858 करोड़ की राशि डिजिटल माध्यम से जारी की। इसमें से ₹659 करोड़ किसानों को कृषि से जुड़ी पांच योजनाओं के अंतर्गत प्रोत्साहन और अनुदान के रूप में दिए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को पराली न जलाने, फसल अवशेष प्रबंधन, डायरेक्ट सीडिंग ऑफ राइस, ‘मेरा पानी–मेरी विरासत’ योजना और भावांतर भरपाई योजना के तहत सहायता दी गई है। वहीं, महिला सशक्तिकरण की दिशा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की तीसरी किस्त के रूप में ₹181 करोड़ की राशि 8.63 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में सीधे ट्रांसफर की गई।
इसके अलावा, हर घर–हर गृहिणी योजना के तहत ₹18.56 करोड़ की गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी 6.08 लाख महिलाओं को दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं किसानों, महिलाओं और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।






