HomeNationalमहेंद्र सिंह धोनी बने बजाज पुणे ग्रैंड टूर के ब्रांड एंबेसडर

महेंद्र सिंह धोनी बने बजाज पुणे ग्रैंड टूर के ब्रांड एंबेसडर

19 से 23 जनवरी तक होगा अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग मुकाबला

पुणे, 15 जनवरी, 2026: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को गुरुवार को बजाज पुणे ग्रैंड टूर का एंबेसडर नियुक्त किया गया। यह प्रतियोगिता देश की पहली UCI 2.2 श्रेणी की मल्टी-स्टेज रोड रेस साइक्लिंग प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन 19 से 23 जनवरी तक पुणे में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 35 देशों की 29 टीमों के 171 साइक्लिस्ट हिस्सा लेंगे।

पुरुषों के लिए आयोजित यह पांच दिवसीय महाद्वीपीय रोड साइक्लिंग रेस दक्षिण पठार और सह्याद्री पर्वत श्रृंखला में फैले लगभग 437 किलोमीटर लंबे चुनौतीपूर्ण मार्ग से होकर गुजरेगी, जिसमें तीखे मोड़ और कठिन चढ़ाइयां शामिल होंगी।

धोनी को इस आयोजन का एंबेसडर बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि यह रेस भारत में साइक्लिंग खेल के लिए नए अवसर खोलेगी। उन्होंने आयोजकों की पहल की सराहना करते हुए कहा,

“पुणे ग्रैंड टूर के आगमन के साथ भारत में साइक्लिंग एक पेशेवर खेल के रूप में नए अध्याय की शुरुआत कर रहा है। मैं इस पहल की सफलता की कामना करता हूं, खासकर भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए, जिसे घरेलू दर्शकों के सामने अपना कौशल दिखाने का बेहतरीन मौका मिलेगा।”

अंतरराष्ट्रीय चुनौती में स्पेन की प्रो टीम बर्गोस बर्पेलाट बीच सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है, जो UCI रैंकिंग में 25वें स्थान पर है। इसके बाद चीन की ली निंग स्टार टीम (36वां स्थान) और मलेशिया की तेरेंगानु साइक्लिंग टीम (37वां स्थान) प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।

मेज़बान भारत की चुनौती की अगुवाई जाने-माने साइक्लिस्ट नवीन जॉन करेंगे। इसके अलावा भारत एक डेवलपमेंट टीम भी उतारेगा, जिससे कुल 12 भारतीय राइडर्स को घरेलू परिस्थितियों में अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा, साथ ही चार रिजर्व राइडर्स भी शामिल रहेंगे।

यह अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग प्रतियोगिता पुणे जिला प्रशासन द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की निगरानी में आयोजित की जा रही है, जो भारत में साइक्लिंग खेल को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments