पटियाला, 12 जनवरी, 2026: जिला प्रशासन और शीला अलीपुरिया चैरिटेबल सोसाइटी के सहयोग से जरूरतमंद बच्चों के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए जिला रोजगार कार्यालय में 60 साइकिलें वितरित की गईं। ये साइकिलें विशेष रूप से उन बच्चों को दी गईं जिनके पास स्कूल जाने के लिए कोई साधन नहीं था।
सोसाइटी के सदस्य सीए श्री अजय अलीपुरिया ने डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को ऐसी कल्याणकारी योजनाओं में आगे आकर सहयोग देना चाहिए, ताकि जरूरतमंद और प्रतिभाशाली बच्चों का भविष्य संवारा जा सके।
समारोह के दौरान शीला अलीपुरिया चैरिटेबल सोसाइटी के सदस्य श्री अजय अलीपुरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि जो भी बच्चा पढ़ाई करना या सीए जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहता है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा, सोसाइटी उस बच्चे को गोद लेकर उसकी पूरी पढ़ाई का खर्च उठाएगी।
श्री अजय अलीपुरिया ने कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक बच्चे को संपूर्ण शिक्षा का दान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य कई प्रकार के दान होते हैं जिनकी एक सीमा होती है, लेकिन शिक्षा का दान ऐसा दान है जिसकी कोई सीमा नहीं होती और यह जीवन भर मनुष्य के काम आता है।
इस अवसर पर उनके साथ शीला अलीपुरिया सोसाइटी के सदस्य श्री संजय अलीपुरिया, सीए अभिषेक गुप्ता तथा मुख्य अतिथि के रूप में मिस मिताली गुप्ता, सीए नरेश गुप्ता, डॉ. राज गुप्ता, संजीव सिंगला, संजीव गुप्ता, राजीव गुप्ता, आरती गियालवतो के अलावा स्कूलों के विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित थे।






