75 जिलों के 1651 से अधिक युवा ले रहे भाग
लखनऊ, 12 जनवरी 2026: उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार योग्य और आधुनिक कौशलों से जोड़ने के अपने अभियान को तेज कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा आज, 12 जनवरी से राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का आयोजन शुरू किया गया है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 75 जिलों से चयनित 1,651 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जो 20 विभिन्न कौशलों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम, नवाचारशील और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता इंडिया स्किल्स कंपटीशन 2026 की चयन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसके माध्यम से उत्तर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
23 जनवरी तक चलेगी प्रतियोगिता
कौशल विकास मिशन के अनुसार, यह प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जाएगी और 23 जनवरी 2026 तक चलेगी। इसके बाद 24 जनवरी को एक सम्मान समारोह आयोजित कर चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का पहला चरण 12 और 13 जनवरी को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर से लगभग 570 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस चरण में छह प्रमुख कौशलों में मुकाबले होंगे, जिनमें एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, वेल्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन टेक्नोलॉजी, सीएनसी मिलिंग और सीएनसी टर्निंग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पहले दिन प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा कौशल संबंधी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, उन्हें वर्ल्ड स्किल्स फॉर्मेट से परिचित कराया जाएगा और उन्नत मशीनरी पर अभ्यास कराया जाएगा। वास्तविक प्रतियोगिता 13 जनवरी को आयोजित होगी।
यह प्रतियोगिता लखनऊ के विभिन्न संस्थानों में आयोजित की जा रही है, जिनमें आईटीआई अलीगंज, आईटीआई मोहनलालगंज, आईटीआई चारबाग, सरकारी पॉलिटेक्निक, पॉलिटेक्निक (महिला), आईटीओटी, रेमंड सेंटर और सीआईपीईटी प्रमुख हैं।
प्रदेश सरकार का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल युवाओं के कौशल को निखारेंगी, बल्कि उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मजबूत आधार प्रदान करेंगी।






