गोली मारकर की आत्महत्या; पुलिस के कई अधिकारी निलंबित
उत्तराखंड, 12 जनवरी 2026 : उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक किसान ने जमीन माफिया और पुलिस अधिकारियों पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक किसान सुखवंत सिंह ने फेसबुक पर चार मिनट से अधिक समय तक लाइव रहकर 27 लोगों, जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, पर गंभीर आरोप लगाए और इसके बाद खुद को गोली मार ली।
फेसबुक लाइव वीडियो में सुखवंत सिंह ने आरोप लगाया कि एक संगठित गिरोह ने उससे करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी की। इनमें 3 करोड़ रुपये नकद और 1 करोड़ रुपये बैंक लेनदेन के जरिए शामिल बताए गए। किसान का यह भी आरोप था कि काशीपुर के आईटीआई थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों से 30 लाख रुपये की रिश्वत ली, जिसके चलते उसकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और पिछले लगभग चार महीनों से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।
पुलिस को मौके से बरामद सुसाइड नोट में भी 27 लोगों के नाम दर्ज हैं, जिनमें एक पुलिस अधिकारी का नाम भी शामिल है। सुसाइड नोट में सभी को उसकी मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है।
घटना के बाद भारी जनआक्रोश देखने को मिला। मृतक के परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर धरना देने की चेतावनी दी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा ने सख्त कार्रवाई करते हुए काशीपुर आईटीआई थाने के थाना प्रभारी (एसएचओ) कुंदन रौतला और उप निरीक्षक प्रकाश बिष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसके अलावा, पैघा पुलिस चौकी प्रभारी सहित कुल 10 पुलिसकर्मियों को लाइन ड्यूटी में भेज दिया गया है। एसएसपी ने पूरे मामले की जांच पुलिस अधीक्षक (क्राइम) निहारिका तोमर को सौंप दी है, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जा सके।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने भी इस प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। किसान संगठनों ने मामले की गंभीरता और पुलिस अधिकारियों की कथित संलिप्तता को देखते हुए सीबीआई जांच की मांग तेज कर दी है।
हालांकि, पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई के बाद फिलहाल मृतक किसान के परिजनों ने प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित कर दिया है। मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।






