बरनाला, 12 जनवरी 2026: बरनाला पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू पर हमला करने की साजिश रच रहे एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई समय रहते की गई, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) मोहम्मद सरफराज आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थाना सिटी-2 के एसएचओ चरणजीत सिंह को एक विशेष मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक गिरोह बनाकर मशहूर हस्तियों पर हमले की योजना बनाते हैं और फिर दबाव बनाकर उनसे फिरौती वसूलते हैं।
एसएसपी ने बताया कि इस सूचना के आधार पर एसएचओ चरणजीत सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बरनाला जिले के गांव कोटदुन्ना के मौजूदा सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा, बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर मान और गुरविंदर सिंह उर्फ गिल को मोगा–बरनाला बाईपास के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल (.32 बोर) सहित कारतूस, एक डमी पिस्तौल, चार मोबाइल फोन, एक लकड़ी की लाठी और एक स्विफ्ट कार बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू को निशाना बनाने की फिराक में थे।
एसएसपी के अनुसार, कुछ समय पहले गुलाब सिद्धू द्वारा सरपंचों से संबंधित एक गीत गाया गया था, जिससे गांव कोटदुन्ना के सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने गायक के खिलाफ एक धमकी भरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी गुलाब सिद्धू पर हमला कर अपना दबदबा कायम करना चाहते थे और इसके बाद अन्य मशहूर हस्तियों व व्यापारियों से फिरौती वसूलने की योजना बना रहे थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा के खिलाफ विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं के तहत पहले से 12 मामले दर्ज हैं। वहीं, गुरविंदर सिंह गिल पर दो और बलविंदर सिंह पर एक मामला दर्ज है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी (डी) अशोक कुमार, डीएसपी बरनाला सतबीर सिंह बैंस और एसएचओ चरणजीत सिंह भी मौजूद रहे।






