चंडीगढ़, 12 जनवरी 2026: हिमाचल प्रदेश स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर से राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम जी तक हिमाचल रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) ने सीधी बस सेवा शुरू की है। इस बस सेवा से हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा और राजस्थान के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
यह बस हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा और राजस्थान के कई प्रमुख शहरों व कस्बों से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। दोनों ही प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को इस सीधी बस सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, पहले यह बस रोजाना चिंतपूर्णी और खाटूश्याम जी के बीच संचालित की जा रही थी, लेकिन प्रतिदिन पर्याप्त यात्रियों की संख्या न होने के कारण यह सेवा घाटे में चल रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए अब HRTC ने इस बस को रोजाना की बजाय सप्ताह में एक दिन, यानी हर शुक्रवार को चलाने का निर्णय लिया है।
निर्धारित समय सारिणी के अनुसार, यह बस हर शुक्रवार को माता चिंतपूर्णी से रवाना होकर शनिवार सुबह खाटूश्याम जी पहुंचती है। इसके बाद रविवार शाम को यह बस वापसी के लिए ऊना के लिए रवाना होती है।
यह सीधी बस सेवा चिंतपूर्णी से अंब, ऊना, हरोली, टाहलीवाल, संतोषगढ़, गोबिंद डैम, चंडीगढ़, अंबाला, पिहोवा, कैथल, बरवाला, हिसार, राजगढ़, झुंझुनूं और सीकर होते हुए खाटूश्याम जी तक का सफर तय करती है।
HRTC का कहना है कि इस बस सेवा का लाभ केवल हिमाचल प्रदेश के श्रद्धालुओं को ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़, हरियाणा और राजस्थान के श्रद्धालुओं को भी मिलेगा। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में इस पहल को अहम कदम माना जा रहा है।






