चंडीगढ़, 12 जनवरी 2026: पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जर्मल सिंह (गांव वल्टोहा, जिला अमृतसर) की हत्या के मामले को सुलझाने का दावा करते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो मुख्य शूटर भी शामिल हैं।
यह जानकारी आज यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने दी। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के मुख्य शूटरों को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा दो आरोपियों को मोहाली से और तीन अन्य को तरनतारन से काबू किया गया है।
डीजीपी ने बताया कि सरपंच जर्मल सिंह की हत्या के बाद दोनों मुख्य शूटर अमृतसर से फरार हो गए थे और बचने के लिए लगातार स्थान बदलते रहे। आरोपी अमृतसर से चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार और नांदेड़ साहिब होते हुए अंततः छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंच गए थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार शूटरों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 जनवरी तक ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों को हवाई मार्ग से अमृतसर लाया जा रहा है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि इस पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने में पंजाब पुलिस, केंद्रीय एजेंसियों और छत्तीसगढ़ पुलिस के बीच बेहतर तालमेल रहा। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।






