लुधियाना, 11 जनवरी 2026: ताजपुर चौक की ओर जाने वाले पुल पर रविवार दोपहर करीब 1:40 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच भीषण हादसा हो गया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अर्जुन कश्यप (32) निवासी सलेम टाबरी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और अर्जुन की दोस्त रितु ने बताया कि अर्जुन टाटा स्टील फैक्ट्री में काम करता था और रविवार को छुट्टी होने के कारण घर से समराला चौक की ओर जा रहा था। ताजपुर चौक के पास उसकी रितु से मुलाकात हुई। कुछ देर बातचीत के बाद अर्जुन ने समराला चौक से सामान लेने की बात कही और दोनों पुल पर चढ़ गए।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अर्जुन मोटरसाइकिल समेत ट्रक के नीचे आ गया। ट्रक उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका पैर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।






