चंडीगढ़, 10 जनवरी 2026: पहााड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बादलों के साफ होने के बाद पंजाब में ठंड अचानक बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में धुंध का असर भी देखने को मिला।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, होशियारपुर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री रहा, जो बीते 24 घंटों में करीब 5 डिग्री कम हुआ है। लुधियाना में 5 डिग्री, पटियाला में 4.4 डिग्री, बठिंडा में 3.4 डिग्री और गुरदासपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज राज्य में धुंध को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और अगले 48 घंटों के लिए शीत लहर की चेतावनी भी दी है। विभाग के अनुसार, 16 जनवरी तक धुंध को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा, जिसके चलते कई जिले प्रभावित रहेंगे।
शनिवार को अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में धुंध का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा और मानसा में शीत लहर की चेतावनी दी गई है।






